..ये है अनोखी 'चाइल्ड जीप'
हाजी अनीस नाम के इस शख्स ने नया प्रयोग करते हुए सात बच्चों के बैठने लायक एक खास 'चाइल्ड जीप' का निर्माण किया है। इसके निर्माण में स्कूटर के इंजन और टायर का इस्तेमाल किया गया है। जिलाधिकारी ने पेशे से वेल्डिंग करने वाले अनीस की हौसलाफजाई के लिए एक जीप भी बुक करा दी है। साथ ही पेटेंट कराने के लिए इसे जल्द ही अहमदाबाद भेजने को कहा है।
खास जीप को सड़कों पर सरपट दौड़ते देख हर किसी का मन इसमें सवारी करने के लिए हिचकोले लेने लगता है, चाहे वह शहर का आम आदमी हो या कोई सरकारी अधिकारी। जिलाधिकारी और तहसीलदार ने जब इस जीप को देखा तो, वे भी इसकी सवारी किए बिना नहीं रह सके। दोनों ने जीप की सवारी का लुत्फ उठाया।
दरअसल, दुपहिया वाहनों के साथ प्रयोग कर कई छोटे वाहन बना चुके हाजी अनीस ने इस बार छोटी जीप का निर्माण किया है। 'चाइल्ड जीप' का निर्माण स्कूटर के इंजन और टायर से किया गया है। इसके ऊपर जीप के डिजाइन की छोटी बॉडी बनाकर फिट की गई है। दिलचस्प बात यह है कि चार सीट वाली इस जीप की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की होगी।
अनीस के अनुसार जीप एक लीटर पेट्रोल में 35 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। वाहन के इस मॉडल को देखने के बाद जिलाधिकारी ने अनीस की हौसलाफजाई की और एक जीप बुक करा दी है। इसकी कीमत 25 से 35 हजार रुपये के बीच रखी गई है। 'चाइल्ड जीप' को पेटेंट के लिए जल्द ही अहमदाबाद के 'राष्ट्रीय ग्रामीण अनुसंधान संस्थान' भेजे जाने की तैयारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications