मेघालय में बम हमलावर गिरफ्तार
शिलांग, 27 फरवरी (आईएएनएस)। मेघालय में भारत-बांग्लादेश सीमा पर रविवार को नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) के एक विद्रोही को गिरफ्तार किया गया। वह कई बम विस्फोटों में शामिल रहा है।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के प्रवक्ता रवि गांधी ने आईएएनएस से कहा, "स्वयंभू सर्जेट मेजर अंजिमा बोरो को रविवार सुबह तब गिरफ्तार किया गया जब वह बांग्लादेश से पश्चिमी गारो हिल्स जिले के बालदोवा गांव से होकर अपने देश में प्रवेश कर रहा था।"
बोरो का छद्मनाम अजीत मुरोंग या अजीत बोरो है। वह जेल में बंद रंजन दायमरी के नेतृत्व वाले एनडीएफबी के शांति वार्ता विरोधी धड़े से ताल्लुक रखता है।
गांधी ने कहा, "बोरो हत्याओं एवं विस्फोटों के कई मामलों में शामिल हाने के कारण असम पुलिस का मोस्ट वांटेड है। उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित है।"
उल्लेखनीय है कि मेघालय पुलिस को सौंपा गया यह विद्रोही नेता पश्चिमी गारो हिल्स जिले के जिगजैग में लोहे के पुल को आईईडी विस्फोटक से उड़ाने के मामले का मुख्य आरोपी भी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications