भारतीयों की सुरक्षित वापसी चाहते हैं कृष्णा
कुवैत सिटी, 27 फरवरी (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने रविवार को कहा कि सरकार की चिंता फिलहाल तनावग्रस्त लीबिया से भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना है। सरकार स्वदेश वापसी की चाह रखने वालों की हरसंभव मदद करेगी।
कुवैत की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के बाद लौट रहे कृष्णा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार वहां की गतिविधियों पर नजर रख रही है। फिलहाल सरकार का पूरा ध्यान लीबिया से भारतीयों की सुरक्षित स्वदेश वापसी पर है।
उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही स्थिति बदलेगी। लीबिया के बदलते हालत में भारत की भूमिका के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भारत किसी भी देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि लीबिया में सभी भारतीय सुरक्षित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications