पाकिस्तानी हिंदू शिवरात्रि पर सुरक्षा प्रबंध से खुश नहीं
इस्लामाबाद, 27 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के एक हिंदू मानवाधिकार संगठन ने दो से चार मार्च तक चलने वाले शिवरात्रि महोत्सव के लिए सुरक्षा मुहैया कराने से कथित तौर पर इंकार करने के बाद चकवाल के जिला समन्वय अधिकारी (डीसीओ) को तुरंत हटाने की मांग की है।
ऑल पाकिस्तान हिंदू राइट्स एसोसिएशन (एपीएचआरए) के अध्यक्ष हारून दयाल ने सीएनबीसी टीवी से बात करते हुए रविवार को कहा, "डीसीओ ने हमारी तरफ से बार-बार की गई अपील का सकारात्मक जवाब नहीं दिया और उन्होंने महोत्सव के लिए सुरक्षा मुहैया कराने से सीधे इंकार कर दिया।"
दयाल ने कहा, "चकवाल में होने वाले महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है। यदि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो देश में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए उनकी जिंदगी जोखिम में पड़ जाएगी।"
उन्होंने कहा, "हम स्थिति से अवगत कराने के लिए गए डीसीओ के पास गए, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। यह रवैया अल्पसंख्यकों को मिली धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघन के बराबर है। हम इस अन्याय के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।"
दयाल ने कहा, "डीसीओ चाहते हैं कि सुरक्षा का इंतजाम हम खुद करें, लेकिन भारी भीड़ जुटने की संभवना के कारण ऐसा संभव नहीं है।"
बार-बार कोशिशों के बावजूद चकवाल के डीसीओ तारिक बख्शी अपनी टिप्पणी देने के लिए आईएएनएस को उपलब्ध नहीं हो पाए। उनके कार्यालय के कर्मचारी ने हालांकि एपीएचआरए के अध्यक्ष के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर चिंताएं निराधार हैं। महोत्सव के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि चकवाल और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में हिंदू और सिख रहते हैं। इन इलाकों में कई ऐतिहासिक मंदिर मौजूद हैं। भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जन्मस्थान गाह गांव भी चकवाल जिले में ही पड़ता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications