बदलाव की बयार को पहचानें अरब नेता : कृष्णा
कुवैत सिटी, 27 फरवरी (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. एम कृष्णा ने अरब के नेताओं से 'बदलाव की बयार' को पहचानने के लिए कहा है। रविवार को उन्होंने कहा कि नेताओं को जनता की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए क्षेत्र में स्थिरता के लिए काम करना चाहिए।
वह कुवैत की स्वतंत्रता की 20 वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में शिरकत करने के बाद दो दिवसीय कुवैत यात्रा से देश लौट रहे थे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शनिवार को समारोह में सैन्य परेड के दौरान उन्होंने विश्व के कई नेताओं से अनौपचारिक मुलाकात और बातचीत की। सभी ने अरब में अस्थिर हालात पर चिंता जताई। उन्होंने अपनी ओर से अरब देशों के नेताओं तक यह संदेश पहुंचा दिया है कि उन्हें वहां चल रही परिवर्तन की क्रांति को पहचानना चाहिए और जनता की इच्छाओं के अनुसार काम करना चाहिए।
अरब देशों में जारी गतिविधियों पर भारत की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि 'बिना आमंत्रण झगड़े में कूदना' अनुचित होगा। भारत हमेशा से लोकतंत्र का समर्थक रहा है और यह हर जगह इसका समर्थन करता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications