विरोध-प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं ले रहा यमन का कबायली समुदाय
सना, 27 फरवरी (आईएएनएस)। यमन के उत्तरी प्रांतों के शक्तिशाली कबायली प्रमुखों की परिषद ने देश के राष्ट्रपति अली अब्दुल्लाह सालेह की बेदखली की मांग को लेकर हो रहे विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों में शामिल होने से इंकार किया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक कबायली प्रमुखों का कहना है, "हम सरकार और राष्ट्रपति अली अब्दुल्लाह सालेह के प्रति वफादार रहेंगे।"
उन्होंने कहा, "पिछले कुछ दिनों में राष्ट्रपति के साथ एक खुली मुलाकात में हमने अपने दृष्टिकोण की घोषणा कर दी है। हम यमन की विधि-सम्मत सरकार, उसकी एकता, स्थिरता और सुरक्षा का समर्थन करते हैं।"
इससे पहले गुरुवार को सना से 50 किलोमीटर दूर स्थित अमरन में करीब 700 प्रदर्शनकारियों ने एक रैली निकाली थी। वे सालेह की बेदखली की मांग कर रहे थे।
एक प्रांतीय सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक सालेह के पूर्व अंगरक्षक व कबायली नेता हुसैन-अल-अहमर ने इस विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया था।
रैली के दौरान अल-अहमर ने सालेह के सत्तारूढ़ दल से इस्तीफे की घोषणा की थी और उन्हें उनके पद से बेदखल करने की बात कही थी।
इस बीच स्थानीय मीडिया में शनिवार को आई खबरों में कहा गया था कि कबायली प्रमुख विपक्ष के साथ विरोध-प्रदर्शनों में शामिल हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications