लीबिया से सुरक्षित निकाले गए भारतीयों का पहला दल दिल्ली पहुंचा (लीड-1)
एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "लीबिया की राजधानी त्रिपोली से 291 भारतीयों को लेकर आया बोइंग 747 विमान यहां 11:55 बजे उतरा। त्रिपोली से इसने शाम 4:30 बजे उड़ान भरी थी।"
यह विमान इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआईए) के टर्मिनल 2 पर उतारा गया। फिलहाल इस टर्मिनल का उपयोग हजयात्रियों के आवागमन जैसे विशेष अवसरों के लिए ही किया जा रहा है।
दूसरा विमान एयर बस ए 330 भी जल्दी ही भारतीयों को लेकर उड़ान भरेगा और यह रविवार को दिल्ली पहुंचेगा।
इससे पहले भारतीय नौसेना के तीन पोत लीबिया में फंसे 18,000 भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए भेजे गए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि एक अन्य यात्री जहाज भूमध्यसागर में मौजूद है इसे भी भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए भेजा गया है यह सोमवार तक लीबिया के बेनघाजी पहुंचेगा।
लीबिया से भारतीयों को वापस लाने के लिए प्रतिदिन दो विशेष उड़ानें संचालित की जाएंगी। लीबिया में तानाशाह मुअम्मार गद्दाफी को सत्ता से हटाने के लिए हुए विरोध प्रदर्शनों में अब तक 1,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।
हवाईअड्डे पर भारतीयों का स्वागत करने पहुंची निरुपमा राव ने पत्रकारों को बताया कि वह एयर इंडिया के विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे 'अपने नागरिकों' का स्वागत करने के लिए हवाईअड्डा पहुंची थीं।
अधिकारियों ने कहा कि वापस लौटने वाले भारतीयों के लिए खास बंदोबस्त किए गए थे। उन्हें खाना और परिवार से संपर्क के लिए टेलीफोन की सुविधाएं उपलब्ध कराईं गईं।
वापस लौटे लोगों को अपने गृहनगर जाने के लिए ट्रेन और विमानों की टिकट तत्काल उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। साथ ही यात्रियों की मदद के लिए कम से कम 12 प्रदेशों के आयुक्त कार्यालयों के अधिकारी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications