बागड़ा को नाल्को के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। नेशनल एल्युमिनियम कम्पनी लिमिटेड (नाल्को) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक ए.के. श्रीवास्तव के निलम्बन के बाद कम्पनी का अतिरिक्त प्रभार वित्त निदेशक बी.एल. बागड़ा को सौंपा गया है। रिश्वत के आरोपों पर श्रीवास्तव को निलम्बित किया गया है।
खान मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "सार्वजनिक क्षेत्र की नेशनल एल्युमिनियम कम्पनी लिमिटेड (नाल्को) के निदेशक (वित्त) बी.एल. बागड़ा को कम्पनी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।"
ज्ञात हो कि श्रीवस्ताव को शनिवार को नाल्को के प्रबंध निदेशक पद से निलम्बित कर दिया गया था। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक दिन पहले उन्हें कथित रूप से रिश्वत लेने पर गिरफ्तार किया था।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने श्रीवास्तव और उनकी पत्नी चांदनी श्रीवास्तव सहित उनके दो साथियों भूषण लाल बजाज एवं अनीता बजाज को शुक्रवार को नई दिल्ली में गिरफ्तार किया।
सीबीआई के विशेष न्यायाधीश ओ.पी. सैनी ने शनिवार को चारों को तीन मार्च तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications