चीन में जर्मनी के टीवी संवाददाता हिरासत में
बीजिंग, 27 फरवरी (आईएएनएस)। जर्मनी के दो सार्वजनिक प्रसारणकर्ता नेटवर्क्स के संवाददाताओं और कैमरा टीमों को रविवार को चीन की पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इनमें से एक टीम को कई घंटों बाद रिहा किया गया।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक जर्मनी की टीवी टीमें उन विदेशी संवाददाताओं और मीडिया में शामिल थीं जिन पर पुलिस ने बीजिंग में उस स्थान पर जाने से रोक लगाई थी जहां सरकार विरोधी प्रदर्शनों की योजना थी।
पुलिस ने जर्मनी के पहले सार्वजनिक चैनल एआरडी की संवाददाता क्रिस्टीन एडेलहार्डट को उनके दल के साथ हिरासत में ले लिया था। पुलिस का आरोप था कि क्रिस्टीन के पास शहर के मुख्य बाजार स्थल वांगफूजिंग में शूटिंग करने की इजाजत नहीं थी।
क्रिस्टीन और उनके साथियों को करीब चार घंटे बाद रिहा कर दिया गया।
क्रिस्टीन ने समाचार एजेंसी डीपीए को बताया, "हमसे कहा गया कि कुछ नए नियम बने हैं जिनके मुताबिक आप कुछ इलाकों में बिना इजाजत के शूटिंग नहीं कर सकते हैं।" उन्हें रिहाई से पहले इसके लिए लिखित माफी मांगते हुए कहना पड़ा कि उन्हें नए नियमों की जानकारी नहीं थी।
इस बीच जर्मनी के दूसरे सार्वजनिक प्रसारण चैनल जेडडीएफ के संवाददाता जोहेनीज हैनो और उनके दल को भी हिरासत में लिया गया।
डीपीए के भी एक संवाददाता को वांगफूजिंग में हिरासत में लिया गया। उन्हें राष्ट्रव्यापी 'जैस्मीन' विद्रोह के लिए निर्धारित दर्जनों स्थलों में से एक पर गिरफ्तार किया गया।
योजनाबद्ध प्रदर्शनों को देखते हुए चीनी अधिकारियों ने शुक्रवार को विदेशी संवाददाताओं को निर्देश दिया था कि वे चीनी कानून का ध्यान रखें लेकिन उन्हें कुछ इलाकों से खबरें इकट्ठी करने को लेकर बने नए नियमों के सम्बंध में सूचित नहीं किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications