भोपाल में जीवंत हो उठेगा राजा भोज का राज्यारोहण
राजा भोज के राज्यारोहण दिवस के 1000 वर्ष पूरे होने के अवसर को मध्य प्रदेश सरकार यादगार बनाना चाहती है और इसकी जोरदार तरीके से तैयारियां भी चल रही हैं।
सबसे पहले 28 फरवरी की सुबह राजा भोज की आदम कद प्रतिमा का अनावरण होगा, उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इस मौके पर शहर के चौराहों और शासकीय भवनों पर विशेष साज-सज्जा रहेगी। पूरे नगर को दुलहन की तरह सजाया जा रहा है।
मुख्य समारोह शाम को सात बजे लाल परेड मैदान पर होगा। इस मौके पर राजा भोज के तैल चित्र के अनावरण के साथ वेदपाठ व शंख की धुन भी गूंजेगी। आयोजकों की ओर से दावा किया जा रहा है कि भोपाल में पहली बार राष्ट्रमंडल खेल आयोजन जैसी इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी की जाएगी। यह आतिशबाजी 400 फुट की उंचाई तक होगी। आतिशबाजी की जिम्मेदारी विश्व प्रसिद्ध अमीर मोरानी फायरवर्क्स को सौंपी गई है।
रंगारंग कार्यक्रमों के लिए 100 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा मंच बनाया गया है। मंच का कोन-कोना आधुनिक उपकरणों से प्रकाशित होगा। मंच पर भोजपुर के मंदिर के स्तंभ और शिवलिंग की प्रतिकृति नजर आएगी। इस समारोह में पाश्र्व गायक सुखविंदर के अलावा मशहूर वादक शिवमणि का दल अपनी प्रस्तुति देगा।
इस समारेाह में 300 लोक कलाकार राजा भोज के राज्यारोहण की जीवंत प्रस्तुति देगें। फिल्म अभिनेता कबीर बेदी संचालन की जिम्मेदारी निभाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications