सेंसेक्स, निफ्टी करीब 3 प्रतिशत गिरे (साप्ताहिक बाजार समीक्षा)
मुम्बई, 27 फरवरी (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजारों में इस सप्ताह तेज गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 2.8 प्रतिशत गिरकर 18,000 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे बंद हुआ। निफ्टी में भी 2.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह की शुरुआत में 18,457.90 अंक के मजबूत स्तर पर खुला था लेकिन सप्ताह के अंत में 17,700.91 अंक पर बंद होने से पहले इसने 17,469.97 अंक का निचला स्तर छुआ। इस सप्ताह सेंसेक्स में कुल 510.61 अंक (2.8 प्रतिशत) की गिरावट दर्ज की गई। जबकि पिछले सप्ताह सेंसेक्स में 482.91 अंक (2.72 प्रतिशत) की तेजी दर्ज की गई थी।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों वाले सूचकांक निफ्टी में भी इस सप्ताह 155.40 अंक (2.85 प्रतिशत) की गिरावट दर्ज की गई और यह 5,303.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
इस सप्ताह विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने कुल 2,770 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। ज्यादातर एशियाई देशों में ब्याज दरों में वृद्धि से आर्थिक विकास पर इसका असर पड़ने की आशंका के चलते विदेशी निवेशकों में बिकवाली का रुख बना है।
लीबिया में राजनीतिक संकट जारी रहने से न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज पर कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गईं हैं। कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर रहने से भारत जैसे देशों पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। देश के कुल आयात में 70 प्रतिशत हिस्सा पेट्रोलियम उत्पादों का होता है। इसके चलते देश में ऊंचे स्तर पर बनी महंगाई दर पर नियंत्रण में भी मुश्किल हो सकती है।
गुरुवार को निवेशकों की भारी मुनाफावसूली के चलते सेंसेक्स में 18 महीनों की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को सेंसेक्स 545.92 अंक (3.00 प्रतिशत) गिरकर बंद हुआ।
इस सप्ताह बीएसई मिडकैप सूचकांक 309 अंक (4.6 प्रतिशत) गिरकर 6,353 अंक पर बंद हुआ वहीं बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 340 अंक (4.2 प्रतिशत) गिरकर 7,789 अंक पर बंद हुआ।
इस सप्ताह पूंजीगत वस्तुएं (6.1 प्रतिशत), ऑटोमोबाइल्स सूचकांक (5.4 प्रतिशत), बैंकिंग सूचकांक (4.7 प्रतिशत) और रियल्टी सूचकांक (4.7 प्रतिशत) सबसे ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं तेल एवं गैस सूचकांक 0.80 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications