कनाडा ने लीबिया के साथ कूटनीतिक सम्बंध स्थगित किए
ओटावा, 27 फरवरी (आईएएनएस)। कनाडा ने लीबिया के साथ अपने कूटनीतिक सम्बंध स्थगित कर दिए हैं और दूतावास के सभी कर्मचारियों को वापस बुला लिया है।
प्रधानमंत्री स्टीफेन हार्पर के सम्पर्क निदेशक दिमित्री सौदास ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "सरकार ने आज तय किया है कि लीबिया के साथ कूटनीतिक सम्बंध स्थगित कर दिए जाएं और कनाडा के सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे लीबिया छोड़ दें।"
समाचार एजेंसी सिन्हुआ द्वारा जारी रपट के अनुसार सौदास ने कहा कि यह निर्णय लीबिया स्थित कनाडाई राजदूत की अनुशंसा और अमेरिका सहित कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय साझेदारों की कार्रवाइयों के साथ घनिष्ठ सहयोग पर आधारित है।
सौदास ने कहा कि कनाडा का एक सी-17 ग्लोबमास्टर विमान कनाडाई राजदूत हैग सराफियां और उनके कार्यालय के कर्मचारियों को लेकर त्रिपोली से प्रस्थान किया।
सौदास ने कहा कि यह विमान लीबिया के मंजूरी बगैर त्रिपोली में उतरा और 24 कनाडाई नागरिकों व एक आस्ट्रेलियाई राजनयिक सहित कुल 46 यात्रियों को लेकर माल्टा के लिए रवाना हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications