गल्फ एयर से 67 भारतीय लीबिया से मुम्बई पहुंचेंगे
इन 67 भारतीयों में 11 बच्चे और दो नवजात शिशु शामिल हैं। ये सभी लीबिया के तबरौक से शनिवार दोपहर को मिस्र के सालौम पहुंचे थे।
विदेश मंत्रालय ने कहा है, "भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने सीमा पर इन सभी नागरिकों की अगवानी की। इन अधिकारियों ने नागरिकों का मिस्र में प्रवेश सुनिश्चित कराया। जिनके पास पासपोर्ट नहीं थे, उन्हें आपातकालीन प्रमाण पत्र जारी किए गए।"
मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय दूतावास ने सभी के लिए गल्फ एयर की जीएफ-056 उड़ान का बंदोबस्त किया है, जो सोमवार सुबह 5.05 बजे मुम्बई पहुंच जाएगी।
लीबिया के देरना/बैदा इलाके से भी लगभग 80 लोगों के सोमवार को सीमा पार करने की सम्भावना है।
मंत्रालय ने लगभग 18,000 भारतीयों को लीबिया से निकालने की योजना पर ताजा जानकारी देते हुए कहा है कि कुछ भारतीय नागरिक सीमा पार कर ट्यूनिशिया पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
ट्यूनिशियाई सीमा पर उनकी अगवानी और उनकी मदद के लिए तथा उन्हें ट्यूनिस लाकर भारत भेजने के बंदोबस्त किए जा रहे हैं।
इससे पहले 500 से अधिक भारतीयों को एयर इंडिया के दो विशेष विमानों के जरिए लीबियाई राजधानी त्रिपोली से नई दिल्ली लाया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications