बहरीन में मंत्रिमंडल से बाहर हुए 4 मंत्री
मनामा, 26 फरवरी (आईएएनएस)। बहरीन के शासक हमद बिन ईसा अल-खलीफा ने मंत्रिमंडल से चार मंत्रियों को बाहर कर दिया है। उन्होंने यह कदम कई दिनों से चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद शुरू हुई राष्ट्रव्यापी वार्ता के तहत उठाया है।
समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' ने स्थानीय समाचार पत्र अल-वसत के हवाले से बताया कि मंत्रिमंडल में फेरबदल की पुष्टि करने के लिए कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक मंत्रिमंडल में किया गया फेरबदल का यह प्रयास विपक्षी शिया समुदाय को खुश करने के लिए हो सकता है।
ज्ञात हो कि शिया समुदाय की बहुलता वाले देश बहरीन का शासन सुन्नी समुदाय का राजशाही परिवार करता है। शिया समुदाय का कहना है कि उन्हें नौकरियों और अन्य सेवाओं में भेदभाव का सामना करना पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में ट्यूनीशिया और मिस्र में हुए सत्ता परिवर्तन से प्रेरित होकर बहरीन में लोगों ने गत 14 फरवरी से प्रदर्शन शुरू किया। मंगलवार को राजधानी मनामा के पर्ल स्क्वेयर पर लोगों ने प्रदर्शन किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications