पाकिस्तान में 1 और अमेरिकी नागरिक को जेल
समझा जाता है कि अदालत के इस फैसले का इस्लामाबाद व वाशिंगटन के बीच सम्बंधों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। दोनों देशों के बीच रेमंड डेविस के मामले को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ है।
'जियो न्यूज' के मुताबिक ऐरॉन मार्क डी हेवेन को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें पेशावर की एक अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पेशावर खबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी है।
ऐरॉन ने अदालत को बताया कि वह एक निजी कम्पनी चलाते हैं, जो विदेशियों को आवास व जीवन सम्बंधी अन्य सुविधाएं मुहैया कराती है।
न्यायाधीश द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में ऐरॉन ने कहा, "मैं यहां एक कार्य वीजा पर आया था और वीजा की अवधि बढ़ाए जाने के लिए पहले ही आवेदन कर दिया है।"
ऐरॉन को कड़ी सु़रक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया, जहां उनके रिश्तेदार भी मौजूद थे। ऐरॉन ने पूछा, "मैंने पाकिस्तान में निवेश किया है। यदि मुझे वापस अमेरिका भेजे जाने का निर्णय लिया गया तो क्या मुझे अपना व्यापार समेटने की अनुमति होगी।"
ज्ञात हो कि 27 जनवरी को अमेरिकी राजनयिक रेमंड डेविस को लाहौर में दो पाकिस्तानी युवकों की गोली मार कर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। डेविस ने दावा किया है कि उन्होंने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई थी, क्योंकि हथियारबंद मोटरसाइकिल सवार युवक उन्हें लूटने की कोशिश कर रहे थे।
डेविस की गिरफ्तारी के बाद राजनयिक संकट पैदा हो गया और अमेरिका और पाकिस्तान के बीच सम्बंधों में तनाव पैदा हो गया। अमेरिका ने आतंक के खिलाफ युद्ध के लिए इस्लामाबाद को प्रस्तावित 1.5 अरब डॉलर की सहायता रोकने की धमकी दे दी है।
मीडिया रपटों में कहा गया है कि चूंकि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच डेविस के राजनयिक दर्जे को लेकर असहमति है, लिहाजा यह मुद्दा अंतर्राष्ट्रीय न्यायिक अदालत में जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications