नाल्को बोर्ड की बैठक अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद स्थगित
नाल्को के वित्त निदेशक बी. एल. बागरा ने आईएएनएस से कहा कि शनिवार को बोर्ड की बैठक होनी थी, लेकिन अध्यक्ष के नहीं होने के कारण यह स्थगित हो गई।
उन्होंने कहा कि दिल्ली कार्यालय ने शुक्रवार शाम को गिरफ्तारी की पुष्टि की। अध्यक्ष की नियुक्ति सरकार करती है, इसलिए अगली प्रक्रिया सरकार ही तय करेगी।
उन्होंने कहा कि वे सरकार की ओर से निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। यह एक गम्भीर मसला है, इसलिए आज ही कोई कदम उठाए जाने की सम्भावना है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को श्रीवास्तव और उनकी पत्नी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। सीबीआई ने श्रीवास्तव और उनकी पत्नी चांदनी श्रीवास्तव को दो सहयोगियों भूषण लाल बजाज और अनिता बजाज के साथ गिरफ्तार किया।
सीबीआई ने शुक्रवार शाम एक बयान जारी कर कहा कि उन्होंने श्रीवास्तव को तब गिरफ्तार किया जब उनकी पत्नी रिश्वत में दो सोने की ईंटें ले रही थी। दोनों ईंटें एक-एक किलो वजन की और 24 कैरेट की थीं। श्रीवास्तव की पत्नी सोने की ईंट एक अन्य महिला से ले रही थी, जिनके पति श्रीवास्तव और मध्य प्रदेश के एक कारोबारी के बीच बिचौलिए का काम कर रहे थे।
सीबीआई ने जब छापा मारा, उसी समय श्रीवास्तव की पत्नी ने दिल्ली में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के लॉकर में तीन सोने की ईंटें जमा की थीं। लॉकर बिचौलिए की पत्नी के नाम था, जिसका संचालन श्रीवास्तव की पत्नी बेनामी के रूप में करती थीं।
लॉकर की जांच करने पर वहां एक-एक किलो की सात अन्य ईंटें, कुल 188 ग्राम के सोने के गहने, 9.5 लाख रुपये भी मिले। इसके साथ ही श्रीवास्तव की पत्नी के बैग में भी पांच लाख रुपये और एक अन्य लॉकर की चाबी मिली, जो बिचौलिए की पत्नी के नाम थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications