बिहार में पुलिस के साथ मुठभेड़ में 6 नक्सली ढेर (लीड-1)
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि इस मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए हैं। इनमें से तीन नक्सली वर्दी में बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक नक्सली को गिरफ्तार भी किया गया है जिसके पास से पुलिस ने एक स्वचलित राइफल बरामद की है।
नीलमणि के अनुसार मुठभेड़ में विशेष कार्य बल (एसटीएफ ) के जवानों को भी लगाया गया है। इस ऑपरेशन की निगरानी भागलपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अमित कुमार जैन कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक गुप्त सूचना मिली थी कि मांझीडीह गांव में बड़ी संख्या में नक्सली एकत्रित हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल गांव को घेर लिया। पुलिस को देख नक्सली गोलीबारी करने लगे जिसका जवाब पुलिस भी दे रही है। पुलिस का मानना है कि गांव में करीब एक दर्जन नक्सली छुपे हुए हैं।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक मुठभेड़ स्थल पर जिले के अन्य थानों के पुलिस कर्मियों को भी भेज दिया गया है, मुठभेड़ अब भी जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।