पंजाब, हरियाणा में बारिश, पारा लुढ़का
इन इलाकों में शुक्रवार देर रात बूंदाबांदी भी हुई, हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में धूप खिलने और मौसम के साफ रहने की सम्भावना जताई है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ के विभिन्न इलाकों में पिछले 12 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई है। पटियाला, कुरुक्षेत्र, अम्बाला, जालंधर, लुधियाना और पानीपत में भी बारिश हुई है। इसकी वजह से शनिवार सुबह तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई।"
चण्डीगढ़ में शनिवार को न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब के अमृतसर में तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे सर्द स्थान रहा। लुधियाना और पटियाला में तापमान क्रमश: 10.6 डिग्री और 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, हरियाणा के अम्बाला, हिसार और करनाल में तापमान क्रमश: 11.2, 10.2 व 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।