न्यूजीलैंड भूकम्प में मृतकों की संख्या 123 हुई, 200 लापता (लीड-1)
क्राइस्टचर्च, 26 फरवरी (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर में आए शक्तिशाली भूकम्प में मरने वालों की संख्या 123 तक पहुंच गई है। भूकम्प के बाद से ही 200 लोग लापता हैं और बचावकर्मी उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शनिवार को मरने वालों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।
ज्ञात हो कि क्राइस्टचर्च शहर में 22 फरवरी को रिक्टर पैमाने पर 6.3 की तीव्रता का भूकम्प आया था, जिसके बाद शहर में भारी तबाही हुई थी।
पुलिस अधीक्षक डेव क्लिफ ने शनिवार सुबह मीडिया को बताया कि अभी तक 123 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने कहा, "शनिवार को मरने वालों की संख्या में वृद्धि हो सकती है।"
समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मुताबिक भूकम्प के बाद से ही 200 लोग लापता हैं।
क्लिफ ने कहा कि बचाव दल शहर में लापता लोगों को तलाशने में जुटा हुआ है। शहर की इमारतों की जांच का काम चल रहा है।
क्राइस्टचर्च के मेयर बॉब पार्कर ने कहा कि लोगों को हिम्मत बनाए रखने की जरूरत हैं क्योंकि आने वाले दिनों में मरने वालों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications