अमेरिका में अवैध प्रवासी भारतीयों की संख्या काफी ज्यादा
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक अमेरिकी आव्रजन सांख्यिकी सुरक्षा कार्यालय की ओर से जारी दस्तावेजों में कहा गया है कि अवैध प्रवासियों के मामले में एशियाई देशों की सूची में भारत पहले नम्बर पर है। सूची में भारत के बाद क्रमश: इक्वाडोर, ब्राजील, दक्षिण कोरिया और चीन शामिल हैं।
आंकड़ों के मुताबिक हालांकि मेक्सिको के अवैध प्रवासियों की संख्या सबसे अधिक है। उनकी संख्या कुल आंकड़े की 62 फीसदी है।
ताजा दस्तावेजों के मुताबिक गैरकानूनी तरीके से रह रहे प्रवासियों की संख्या में पिछले आंकड़ों की तुलना 10 लाख की कमी आई है।
रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी, 2007 में अवैध प्रवासियों की संख्या 1.18 करोड़ थी। वर्ष 2000 से 2010 के बीच अमेरिका में रहने वाले अवैध प्रवासियों की संख्या में 27 फीसदी की वृद्धि हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक अवैध प्रवासियों की कुल संख्या के 39 फीसदी लोग वर्ष 2000 या उसके बाद अमेरिका आए हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है, "अमेरिका में आने वाले अवैध प्रवासी या तो बिना जांच के ही प्रवेश होने में सफल हुए या फिर अस्थाई तौर पर उन्हें यहां आने की अनुमति दी गई है, लेकिन अवधि समाप्त होने के बावजूद वे यहां रुके हुए हैं।"
रिपोर्ट के मुताबिक 2000-2007 के बीच अवैध प्रवासियों की संख्या में 33 लाख की वृद्धि हुई और यह आंकड़ा 85 लाख से बढ़कर 1.18 करोड़ तक पहुंच गया।
गौरतलब है कि वर्ष 2008 में अवैध प्रवासियों की संख्या गिरकर 1.16 करोड़ और 2010 में 1.08 करोड़ पहुंच गई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका में रहने वाले लगभग 86 लाख अवैध प्रवासी उत्तरी अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको, कैरिबयन और मध्य अमेरिकी देशों के हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications