भारत विरोधी गतिविधियों की भूटान में इजाजत नहीं : थिनले
गुवाहाटी, 25 फरवरी (आईएएनएस)। भूटान के प्रधानमंत्री जिग्मे वाई. थिनले ने जोर देकर कहा कि उनकी जमीन पर भारतीय विरोधी गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और वहां से किसी भी अलगाववादी को गुरिल्ला हमले की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "इस वक्त हमारे देश में असम से कोई उग्रवादी नहीं है और मैं आश्वस्त करता हूं कि हम भारत विरोधी किसी भी ताकत को अपनी जमीन का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देंगे।" भूटान के कुछ जिले असम से जुड़े हैं और थिनले उसी रास्ते भूटान लौट रहे थे। इसी सिलसिले में उन्होंने गुवाहाटी में पत्रकारों से बातचीत की।
उन्होंने कहा, "हमारी तरफ से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हैं। किसी को भी हिंसक गतिविधियों के लिए भूटान में प्रवेश की अनुमति नहीं है।"
उन्होंने उत्तर-पूर्वी राज्यों के उग्रवादियों द्वारा भूटान में फिर से कोई शिविर बनाने सम्बंधी खबरों को निराधार बताया और कहा कि उनके सुरक्षा बल इसे लेकर पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो पहले हुआ, वैसा दोबारा नहीं होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications