मंत्री के काफिले की गाड़ी ने छात्र को टक्कर मारी, हंगामा
चित्रकूट, 25 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में शुक्रवार को ग्रामीण विकास मंत्री दद्दू प्रसाद के काफिले की एक गाड़ी की टक्कर से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे गुस्साए लोगों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की व पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कम से कम आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जिले के कर्वी कस्बे के निकट बहिलपुरवा गांव में संजय कुमार नाम के कक्षा नौ के छात्र को मंत्री दद्दू प्रसाद के काफिले की एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद घायल छात्र का हाल जानने के लिए न तो मंत्री और न ही उनके काफिले की कोई गाड़ी रुकी, जिससे भीड़ उग्र हो गई।
नाराज लोग सार्वजनिक संपत्ति और वाहनों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ करे लगे। जिले के अपर पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि हालात को काबू में करने गई पुलिस पर भीड़ ने पथराव किया।
मिश्रा ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में लेकिन तनावपूर्ण है, जिसके मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
मिश्रा ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक घायल छात्र को गंभीर हालत में इलाहाबाद के लिए स्थानांतरित किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications