अमेरिका में 4 और भारतीय छात्रों से रेडियो कॉलर हटा
वाशिंगटन, 25 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी अधिकारियों ने बोगस ट्राई वैली विश्वविद्यालय (टीवीयू) की ठगी के शिकार चार और भारतीय छात्रों पर लगे रेडियो कॉलर को हटा लिया है। आव्रजन वीजा धोखाधड़ी के आरोपों पर कैलीफोर्निया स्थित इस विश्वविद्यालय को बंद कर दिया गया था।
अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क निदेशालय (आईसीई) ने 18 भारतीय छात्रों पर निगरानी रखने के लिए उन्हें अपने टखने में रेडियो कॉलर पहनने के लिए बाध्य किया था। आईसीई ने अब तक इनमें से 11 छात्रों पर से रेडियो कॉलर हटा लिया है।
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि आईसीई सभी छात्रों पर लगे रेडियो कॉलर को हटा लेगा। इन छात्रों ने भारतीय केंद्र से कानूनी मदद मांगी थी जबकि तीन छात्रों ने व्यक्तिगत रूप से अपना वकील किया है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने छात्रों की मदद करने के लिए दक्षिण एशियाई बार एसोसिएशन (एसएबीए) का सहयोग लिया है।
भारतीय दूतावास ने आईसीई से कहा है कि वह छात्रों के खिलाफ 'नोटिस टू अपीअर' जारी न करे क्योंकि इसके जारी हो जाने के बाद किसी व्यक्ति के खिलाफ निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
आईसीई ने कहा है कि यह प्रक्रियागत मामला है और वह शीघ्र ही इस दिशा में कदम उठाएगा।
उल्लेखनीय है कि टीवीयू विश्वविद्यालय में दाखिला लेने वाले करीब 1555 छात्रों में 90 प्रतिशत छात्र भारतीय हैं और इनमें से ज्यादातर छात्र आंध्र प्रदेश के हैं। इन छात्रों का दाखिला जब तक किसी दूसरे विश्वविद्यालय में नहीं हो जाता तब तक उन पर निर्वासन का खतरा मंडरा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications