लखनऊ में वकीलों की पुलिस के साथ हिंसक झड़प, 10 घायल
लखनऊ, 25 फरवरी (आईएएनएस)। राज्य सरकार से जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए बजट राशि में बढ़ोतरी की मांग कर रहे सैकड़ों वकीलों की शुक्रवार को यहां पुलिस से हिंसक झड़प हो गई। पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में कम से कम 10 वकील घायल हो गए।
राजधानी में सड़कों पर उतरे प्रदेश की विभिन्न अदालतों के सैकड़ों वकीलों के प्रदर्शन ने तब अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब पुलिस ने उन्हें मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के लिए जाने से रोका।
हजरतगंज थाना प्रभारी के.एन.मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि प्रदर्शनकारी वकीलों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, हालांकि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
मिश्रा ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications