तलवार के वकील ने सीबीआई की भूमिका पर सवाल उठाए
अदालत में इस मामले को लेकर तलवार दंपति के वकील गोपाल चतुर्वेदी की दलील सुनने के बाद न्यायाधीश बी. के. नारायण ने मामले की अगली सुनवाई के लिए सोमवार की तिथि तय की।
गोपाल चतुर्वेदी ने कहा कि सीबीआई ने खुद ही इस मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी। सीबीआई को पहले यह तय करना चाहिए कि वह अपनी ही क्लोजर रिपोर्ट का समर्थन करती है या वह गाजियाबाद की विशेष अदालत द्वारा तलवार दंपति को उनकी अपनी ही बेटी की हत्या के मामले में आरोपी बनाए जाने की पक्षधर है।
उन्होंेने अदालत के समक्ष सीबीआई की अधूरी जांच की बात भी उठाई और कहा कि इसकी वजह से ही मामले की दोबारा जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।
दिल्ली पब्लिक स्कूल की 9वीं की छात्रा आरुषि (14) का शव 16 मई, 2008 को नोएडा स्थित उसके अपने ही घर से बरामद हुआ था। पहले इस मामले में उसके नौकर हेमराज का हाथ होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन एक दिन बाद ही उसका शव भी घर की छत से बरामद हुआ। सीबीआई ने पिछले साल 29 दिसम्बर को अपनी रिपोर्ट पेश की थी। गाजियाबाद स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने 9 फरवरी को दिए अपने फैसले में तलवार दंपति के खिलाफ हत्या, सबूतों से छेड़छाड़ और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने का आदेश दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications