रेल बजट : माकपा ने छलने वाला बताया
वरिष्ठ माकपा नेता सीताराम येचुरी ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, "यह लोगों को छलने वाला बजट है जिसमें बहुत ही चालाकी से हाथ की सफाई की गई है। यह रेल बजट गठबंधन की मजबूरियों की भेंट चढ़ गया। मैं अचम्भित हूं कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कैसे इस रेल बजट को प्रस्तुत करने की अनुमति दी।"
उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव को लक्ष्य में रखकर यह रेल बजट तैयार किया गया है, जहां तृणमूल कांग्रेस विपक्ष में है। इसके बावजूद बजट में अगले साल के लिए कुछ भी नहीं है।"
येचुरी ने कहा, "ममता ने जो बंगाल के लिए जिन परियोजनाओं की घोषणा की हैं उन्हें बड़ी ही चालाकी से उन्होंने प्रधानमंत्री रेल विकास योजना के तहत 12वीं पंचवर्षीय योजना में डाल दिया है। इसमें वर्ष 2011-12 के लिए कुछ भी नहीं है।"
लोकसभा में माकपा के नेता बासुदेव आचार्य ने भी रेल बजट की आलोचना की। उन्होंने कहा, "विजन 20-20 की जो योजना है वह हवाहवाई है क्योंकि 2011-12 की योजनाओं, मसलन 1300 किलोमीटर रेल लाइन बिछाने इत्यादि के लिए पर्याप्त कोष की कोई घोषणा नहीं की गई है। यहां तक कि 1000 किलोमीटर रेल लाइन बिछाने की पिछले साल की योजना को घटाकर 700 किलोमीटर कर दिया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications