इटावा में 2 बसों की टक्कर में 10 छात्र घायल
इटावा, 25 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इटावा शहर में शुक्रवार को एक स्कूली बस को तेज रफ्तार निजी बस ने टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार 10 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सिविल लाइन इलाके में मैनपुरी फाटक के पास एक निजी यात्री बस ने अनियंत्रति होकर स्कूली बस में पीछे से टक्कर मार दी जिससे उसका पिछला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। स्कूली बस में विवेकानंद पब्लिक स्कूल के करीब 20 छात्र सवार थे।
सिविल लाइन थाना प्रभारी पुनीत परिहार ने बताया कि हादसे में घायल हुए छात्रों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक हादसे के शिकार छात्रों की उम्र 8 से 10 वर्ष के बीच है। हादसे के दौरान स्कूली बस में सवार एक शिक्षिका को भी चोटें आई हैं।
परिहार ने कहा कि घटना के बाद से फरार निजी बस चालक की तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications