त्रिपुरा, मिजोरम में बर्ड फ्लू अलर्ट
त्रिपुरा में प्रशासन ने 6,000 से अधिक बत्तख और मुर्गियों को मार डाला है, जबकि शेष को संक्रमण से बचाने की कोशिश की जा रही है।
आईजोल में पत्रकारों से बातचीत में पशुपालन और पशु चिकित्सा के निदेशक एल. बी. सैलो ने कहा, "मिजोरम सरकार ने शुक्रवार को पड़ोसी राज्य त्रिपुरा और अपनी सीमा से सटे म्यांमार तथा बांग्लादेश से मुर्गियों, बत्तखों और इससे सम्बंधित अन्य उत्पादों के आयात पर रोक लगा दिया है।
इसके अलावा राज्य की सीमा तथा प्रवेश बिंदुओं पर जांच की व्यवस्था की गई है और सुरक्षा बलों को मुर्गी और इससे सम्बंधित उत्पादों के आयात पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है।"
म्यांमार के सितवे जिले में पिछले महीने बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था और फिर उसकी पुष्टि भी हुई। मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार बर्ड फ्लू की चपेट में आकर बांग्लादेश में भी हजारों बत्तख और मुर्गियां या तो मर गईं या उन्हें मार दिया गया।
सैलो के मुताबिक, "मिजोरम में हालांकि बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सरकार ने परिस्थिति पर लगातार निगरानी रखने और मुर्गी, बत्तख तथा इससे सम्बंधित उत्पाद के आयात पर प्रतिबंध का फैसला किया है, ताकि इसे राज्य में फैलने से रोका जा सके। पशु चिकित्सकों को राज्यभर में संदिग्ध परिस्थितियों में मरने वाली पक्षियों की जांच करने के लिए कहा गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications