पुलिस ने जब्त किए दूषित आईवी फ्ल्यूड के नमूने
जोधपुर, 25 फरवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के जोधपुर शहर में पुलिस ने कई दुकानों पर छापा मारकर दूषित दवा 'आईवी फ्ल्यूड्स' के विशेष बैच के नमूनों को जब्त कर लिया है तथा सम्बंधित दवा कम्पनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ज्ञात हो कि जोधपुर के एक सरकारी अस्पातल में कथित तौर पर दूषित आई फ्ल्यूड दवा दिए जाने की वजह से कम से कम 12 गर्भवती महिलाओं की मौत हो गई थी।
जोधपुर शहर में स्थित उन्नैद सरकारी अस्पताल में पिछले 10 दिनों के दौरान कुछ महिलाओं को कथितौर पर आईवी फ्य्लूड्स दवा दी गई थी, जिसके बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने की वजह से कम से कम 12 गर्भवती महिलाओं की मौत हो गई। चार महिलाओं की हालत काफी गम्भीर है।
मध्य प्रदेश की एक कम्पनी ने इस दवा को तैयार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "उन्नद अस्पताल के अधीक्षक नरेंद्र चंगानी द्वारा गुरुवार को मामला दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस की एक टीम इंदौर स्थित कम्पनी के कार्यालय में भेजी जा रही है।"
भारतीय दंड संहिता की धारा 328 (लोगों का जीवन खतरे में डालने) के तहत गुरुवार शाम को आईवी फ्ल्यूड दवा तैयार करने वाली कम्पनी 'पैरेंटल सर्जिकल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ' (इंदौर) और उसके स्थानीय वितरक अंशुल फार्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "प्राथमिक जानकारी के मुताबिक आईवी फ्ल्यूड के इस विशेष बैच की दवा के लगभग 5,000 नमूनों को जोधपुर के तीन सरकारी अस्पतालों और कुछ दुकानों को वितरित किया गया था। इन नमूनों को जब्त करने का आदेश दे दिया गया है और दुकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकांश नमूनों को जब्त कर लिया गया है।"
पुलिस की कार्रवाई को देखते हुए मेडिकल स्टोर के मालिकों ने हड़ताल पर जाने की धमकी दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जांच पूरी हुए बिना ही अस्पताल ने मामला दर्ज करा दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications