जिलाधिकारी रिहाई के बाद घर पहुंचे (राउंडअप)
भुवनेश्वर, 24 फरवरी (आईएएनएस)। नक्सलियों ने उड़ीसा के मलकानगिरी के अगवा जिलाधिकारी आर. विनील कृष्णा को गुरुवार को रिहा कर दिया। रिहाई के बाद रात के समय जिलाधिकारी के घर पहुंचने पर हजारों की संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया।
राज्य के पंचायत राज सचिव एस.एन. त्रिपाठी ने आईएएनएस को बताया, "जिलाधिकारी को रिहा कर दिया गया है। हमने उनसे बात की है।"
गृह सचिव यू.एन. बेहरा ने कहा, "हमलोग खुश हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने मध्यस्थों के साथ जो वादा किया है उसे पूरा किया जाएगा।"
उन्होंने कहा, "मध्यस्थों के साथ जो कुछ भी करार हुआ है उन्हें सरकार के समक्ष रखा जाएगा और हम उन्हें लागू करने का प्रयास करेंगे। हम उन्हें लागू करेंगे।"
जिलाधिकारी की रिहाई की सूचना मलकानगिरी के जिला मुख्यालय कस्बे में पहुंचने पर उनके परिजनों और रिश्तेदारों ने वहां मौजूद लोगों में मिठाइयां बांटीं। जिलाधिकारी जब रात के 9.30 बजे अपने सरकारी आवास पहुंचे तो वहां हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। लोगों ने नारे लगाकर और हाथ लहराकर उनका स्वागत किया।
अपनी रिहाई के बाद जिलाधिकारी ने एक स्थानीय टेलीविजन को फोन पर कहा कि वह एकजुटता दिखाने के लिए लोगों के आभारी हैं।
उन्होंने कहा, "मैं आप सभी लोगों का आभारी हूं। आपने जिस तरीके से एकजुटता का प्रदर्शन किया है उसके लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं।"
यह पूछे जाने पर कि नक्सलियों ने क्या उनका शारीरिक अथवा मानसिक किसी प्रकार का शोषण किया। कृष्णा ने कहा, "वहां कोई समस्या नहीं थी।"
जिलाधिकारी ने हालांकि कहा कि बंधक बने रहने के दौरान उनके मन में ख्याल आया था कि अब मलकानगिरी जैसे जिले में अधिकारी आने से डरेंगे। उन्होंने कहा कि यदि वह इस जिले में बने रहते हैं तो वह अपने अच्छे कार्यो को जारी रखेंगे।
कृष्णा के पिता राम बाबू ने कहा, "मैंने कृष्णा की रिहाई की खबर टेलीविजन पर सुनी। यह हम सभी के लिए काफी राहत की बात है।"
नक्सलियों ने चित्रकोंडा इलाके में एक गांव के समीप जिलाधिकारी को कुछ चुनिंदा मीडियाकर्मियों को सौंपा। नक्सलियों ने गत 16 फरवरी को इसी स्थान से जिलाधिकारी और जूनियर इंजीनियर पबित्र मोहन माझी को अगवा किया था। उन्होंने जूनियर इंजीनियर को बुधवार को रिहा कर दिया था।
जिलाधिकारी की रिहाई हो जाने से राज्य सरकार को एक बड़ी राहत मिली है क्योंकि नक्सलियों ने जिलाधिकारी की रिहाई के लिए बुधवार को अपनी नई मांगें रख दी थीं।
उनकी नई मांगों में से एक पर सहमत होकर राज्य सरकार ने गुरुवार सुबह दो मध्यस्थ जी. हरगोपाल और दंडपाणि मोहंती को नक्सलियों से बातचीत के लिए मलकानगिरी भेजा। दोनों मध्यस्थ हेलीकॉप्टर से कोरापुट गए थे। कोरापुट में हेलीकॉप्टर से उतकर उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर जाकर नक्सलियों से बातचीत करनी थी।
बुधवार शाम अपहृत इंजीनियर पवित्र मोहन माझी को रिहा करने के बाद जिलाधिकारी की रिहाई के लिए नक्सलियों ने सरकार के समक्ष कुछ और मांगें रख दी थीं। नक्सलियों की नई मांगों में मध्यस्थों द्वारा मलकानगिरी के घने जंगलों में जाकर उनसे बातचीत करना भी शामिल था। पहले मध्यस्थों ने इससे इंकार कर दिया था।
इंजीनियर और जिलाधिकारी को नक्सलियों ने 16 फरवरी को अगवा कर लिया था। सरकार नक्सलियों की 14 मांगें पहले ही मान चुकी है। नक्सलियों ने जिलाधिकारी की रिहाई के लिए गुरुवार शाम तक की समय सीमा तय की थी। नक्सली अपने कुछ और नेताओं की रिहाई की मांग कर रहे थे।
गांति प्रसादम सहित नक्सलियों के कुछ नेताओं को पहले ही अदालत से जमानत मिल चुकी है। लेकिन गांति प्रसादम ने जमानत मिलने के बावजूद बुधवार को यह कहते हुए जेल में ही रहने की बात कही थी कि जब तक विभिन्न जेलों में नक्सली गतिविधियों में बंद 600 लोगों को नहीं छोड़ा जाता, वह जेल से नहीं जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications