कश्मीर वार्ताकार मौत की शिकार बहनों के परिजनों से मिले
तीनों वार्ताकार- दिलीप पडगांवकर, राधा कुमार और एम.एम. अंसारी 31 जनवरी को अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा मारी गईं दो बहनों के माता-पिता से मिले।
दोनों लड़कियों के माता-पिता ने हत्या के लिए जिम्मेवार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने बेटे को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
पडगांवकर ने संवाददाताओं से कहा, "आज हमारे सोपोर दौरे का एक मात्र उद्देश्य पीड़ित परिवारों से मिलना था। यह परिवार अत्यंत गरीब है और इनका गुजारा बहुत मुश्किल से हो पाता है।"
उन्होंने कहा, "इस परिवार में एक जवान बेटा है जो 10वीं कक्षा में पढ़ता है। उसकी मदद के लिए कदम उठाए जाने की जरूरत है, ताकि वह अपनी पढ़ाई जारी रख सके।"
पडगांवकर ने यह भी कहा कि वार्ताकारों ने कश्मीरी अलगाववादी नेताओं को वार्ता के लिए लिखित आमंत्रण पत्र भेजा है।
उन्होंने दोहराया, "हमें उनकी ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। हम उनके जवाब का अभी तक इंतजार कर रहे हैं।"
वार्ताकारों ने बाद में उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में स्थित हंदवाड़ा गांव में जाकर पांच फरवरी को सेना की गोली से मारे गए 21 वर्षीय युवक मंजूर अहमद माग्रे के परिवार से मुलाकात की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications