वाइन के शौकीनों के लिए कार्यशाला
मुम्बई, 24 फरवरी (आईएएनएस)। वाइन के शौकीनों के लिए यह सप्ताहांत किसी उत्सव से कम नहीं होगा। दुकानों से खरीदकर जाम छलकाने वाले अब खुद इसे बनाने का तरीका जान सकेंगे। महाराष्ट्र के नासिक में शनिवार को सप्ताहांत पर इसके लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
इसके माध्यम से लोगों को न केवल वाइन बनाने के तरीके बताए जाएंगे, बल्कि इसे लेकर लोगों में व्याप्त विभिन्न प्रकार की भ्रांतियों को भी समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा। शनिवार और रविवार को दो दिन तक चलने वाली यह कार्यशाला द वाइन क्लब डॉट इन ने शुरू की है।
कार्यशाला में वाइन निर्माता कंपनी सुला, यॉर्क और जम्पा के प्रशिक्षक भी होंगे, जो लोगों को वाइन के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी देंगे और यह भी बताएंगे कि इसे कैसे तैयार किया जाता है।
कार्यशाला के पहले दिन शाम को आयोजित समारोह में संगीत, मस्ती और फिर भोजन की व्यवस्था भी होगी। आयोजक अभिजीत बर्मन ने कहा कि वाइन लोगों की जीवनशैली से जुड़ गया है।
अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र में इसके इस्तेमाल का चलन दिनोंदिन बढ़ रहा है। भारत भी इसमें पीछे नहीं है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को इसके बारे में अधिक से अधिक जानकारी देना है और इसे आम लोगों का पेय पदार्थ बनाना है।
भारत में वाइन का बाजार दिनोंदिन बढ़ रहा है। बर्मन के अनुसार वाइन के इस्तेमाल को लेकर लोगों में कई भ्रांतियां हैं। इस कार्यक्रम के जरिये इसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उम्मीद है कि इससे वाइन का बाजार करीब 10 प्रतिशत तक बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम का मकसद लोगों को वाइन के बारे में अधिक से अधिक जानकारी देना है, जो एक कृषि उत्पाद है। महाराष्ट्र में बहुत से कृषक परिवार इसका इस्तेमाल करते हैं। इस कार्यक्रम के दौरान नासिक आने वाले लोगों को न केवल इस बारे में जानकारी मिलेगी, बल्कि लोगों में इस बात के लिए भी रुझान बढ़ेगा कि जैसे महाराष्ट्र के किसानों को इसका लाभ मिला है, उन्हें भी मिल सकता है।
बर्मन ने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम का मकसद ऐसे लोगों को पियक्कड़ बनाना नहीं है, जिन्हें पीने से परहेज है, बल्कि पीने वालों को वाइन के इस्तेमाल के लिए प्रेरित करना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications