हरियाणा में इनेलो नेता की हत्या
रोहतक, 24 फरवरी (आईएएनएस)। हरियाणा में विपक्षी पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के एक नेता की चार लोगों ने गुरुवार को हत्या कर दी। इनेलो नेता राज्य सरकार की भूमि अधिग्रहण नीति के विरुद्ध पिछले एक माह से धरना दे रहे थे। हत्यारों में से एक पुलिस की गोली से मारा गया, जबकि अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक मौत के शिकार हुए नेता की पहचान मनोज सिंधू के रूप में की गई है। वह खेड़ी साध गांव के पूर्व सरपंच और किसान संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष थे तथा भूमि अधिग्रहण के खिलाफ अभियान चला रहे थे।
पुलिस ने बताया कि सिंधू इनेलो की ग्रामीण इकाई के जिला अध्यक्ष भी थे। उन पर जब हमला हुआ, उस समय वह राष्ट्रीय राजमार्ग 10 स्थित मॉडर्न इंडस्ट्रियल टाउनशिप (एमआईटी) के प्रवेशद्वार पर धरना दे रहे थे।
रोहतक के पुलिस महानिरीक्षक वी. कामराजा ने कहा, "चार हमलावरों ने आज सिंधू पर हमला किया। हमने हमलावरों की तलाश शुरू की तो उनकी कार पांच किलोमीटर दूर पकास्मा गांव के निकट मिली। मुठभेड़ के दौरान उनमें से एक मारा गया, जबकि अन्य तीन गोली लगने से घायल हो गए।"
उन्होंने कहा, "घायल हमलावरों को स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान संस्थान (पीजीआईएमएस) में भर्ती कराया गया है। ये लोग पहले धरना स्थल पर बैठे थे और उनमें से एक ने सिंधू पर निकट से गोली चलाई।"
इस घटना के बाद खेड़ी साध गांव के निवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया और हरियाणा रोडवेज की एक बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। गुस्साए लोगों को तितर-बितर करने के लिए पहुंची पुलिस के खिलाफ बड़ी संख्या में इनेलो कार्यकर्ता भी वहां एकत्र हो गए।
कामराजा ने कहा, "प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि इस वारदात के पीछे संभवत: व्यक्तिगत दुश्मनी थी। हमारी जांच की प्रक्रिया चल रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications