जेपीसी से कराएं राष्ट्रमंडल खेल घोटाले की जांच : कलमाडी (लीड-1)
कलमाडी ने यहां संवादाताओं से कहा, "जैसे केंद्र सरकार को आईओए पर भरोसा नहीं है, उसी तरह आईओए को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की जा रही राष्ट्रमंडल खेल के मामले की जांच पर भरोसा नहीं है। जांच में पारदर्शिता लाने के लिए जेपीसी का गठन किया जाना चाहिए।"
ज्ञात हो कि आयोजन समिति के पूर्व अधिकारियों- महासचिव ललित भनोट और महानिदेशक वी.के. वर्मा को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। उन पर एक स्विस कम्पनी के साथ अनुबंध में वित्तीय अनियमितता बरतने का आरोप है।
कलमाडी ने कहा कि आईओए ने कोई निर्माण या अन्य ढांचागत कार्य नहीं कराया था, बल्कि सरकार की देखरेख में एक स्वतंत्र एजेंसी ने ये कार्य कराए थे। उन्होंने यह जानना चाहा कि ऐसे में आईओए कैसे दोषी हो सकता है। इसके अलावा आईओए राष्ट्रमंडल खेल से सम्बंधित सभी दस्तावेज सीबीआई को सौंप चुका है और हर तरह से उसे सहयोग दे रहा है।
कलमाडी ने यह सवाल भी उठाया कि राष्ट्रमंडल खेल घोटाले की जांच कर रही एजेंसियां सिर्फ आयोजन समिति के अधिकारियों को पूछताछ के लिए क्यों बुलाती हैं।
उन्होंने कहा, "मुझे ताज्जुब इस बात की है कि जांच एजेंसियां राष्ट्रमंडल आयोजन समिति के अधिकारियों को क्यों बुलाती हैं। इस सम्बंध में कोई भी निर्णय व्यक्तिगत स्तर पर नहीं लिया गया। निर्णय लेने के लिए वित्तीय समिति, उप वित्तीय समिति और कार्यकारिणी समिति कार्य कर रही थी। केंद्र सरकार के सचिवालय भी निर्णय लेने वाले निकाय के हिस्से थे।"
कलमाडी ने कहा, "सभी समितियां सामूहिक रूप से निर्णय लेती थीं, कोई भी निर्णय किसी एक व्यक्ति द्वारा नहीं लिया गया, तब सिर्फ आयोजन समिति के अधिकारियों को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है?"
कलमाडी राष्ट्रीय खेलों के सिलसिले में बुधवार रात यहां पहुंचे। उनके शनिवार को होने वाले समापन समारोह में भाग लेने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications