प्रधानमंत्री ने साम्प्रदायिक सौहार्द के लिए देश को बधाई दी
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को देशवासियों को अयोध्या के विवादित स्थल पर फैसला आने के बाद परिपक्वता दिखाने और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने संसद में दोनों सदनों के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा, "देश में साम्प्रदायिक स्थिति बहुत संतोषजनक है।"
उन्होंने कहा, "जब बाबरी मस्जिद पर फैसला घोषित होने वाला था तब भय का वातावरण बना हुआ था। इस तरह की कोई अप्रिय घटना न होने के लिए मैं देशवासियों को धन्यवाद और बधाई देना चाहता हूं।"
उन्होंने कहा, "गुजरात जैसे राज्य में भी लोगों ने परिपक्वता दिखाई। मैं उम्मीद करता हूं कि यह साम्प्रदायिक सौहार्द जारी रहेगा।"
पिछले साल 30 सितम्बर को आए इलाहबाद उच्च न्यायालय के फैसले में अयोध्या के विवादित स्थल को तीन हिस्सों में बांटने का निर्णय दिया गया था। इनमें से एक हिस्सा निर्मोही अखाड़े को, दूसरा हिस्सा रामलला को और तीसरा हिस्सा मुसलमानों को दिए जाने की बात कही गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications