लीबिया से भारतीयों को निकालने के लिए पोत रवाना
विदेश मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा, "लीबिया के हालात लगातार खराब हो रहे हैं और इसे देखते हुए सरकार ने वहां मौजूद अपने नागरिकों को तुरंत वहां से निकालने का अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।"
बयान में कहा गया, "नागरिकों को समुद्र और हवा मार्ग से निकालने की व्यवस्था की जा रही है। सरकार ने नागरिकों को निकालने के लिए 1200 लोगों की क्षमता वाले एक पोत को भेजा है।"
मंत्रालय ने कहा पोत 'स्कोतिआ प्रिंस' मिस्र में पहले से मौजूद है और बेनघाजी शहर जाने के लिए तैयार है। इस पोत पर नागरिकों की मदद के लिए चिकित्सा दल भी मौजूद रहेगा।
पोत को रविवार तक बेनघाजी पहुंच जाने की उम्मीद है और कम से कम 1200 भारतीय एक मार्च तक मिस्र के शहर अलेक्जेंड्रिया पहुंच जाएंगे। यहां से नागरिक हवाई जहाज से भारत पहुंचेंगे।
ज्ञात हो कि लीबिया में करीब 18,000 भारतीय हैं जो देश में 41 वर्षो से सत्ता में बने मुअम्मार गद्दाफी के शासन के खिलाफ शुरू हुए हिंसक प्रदर्शनों से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
मंत्रालय के अनुसार त्रिपोली से भारतीय नागरिकों
को हवाई मार्ग से निकाला जाएगा। इसके लिए विमान को तैयार रखा गया है और विमान उतरने के लिए लीबिया की अनुमति की प्रतीक्षा की जा रही है।
विदेश मंत्रालय नागरिकों को निकालने की व्यवस्था करने के लिए रक्षा, प्रवासी भारतीय मामलों और जहाजरानी सहित अन्य मंत्रालयों के साथ समन्वय कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications