अहमदीनेजाद ने लीबिया में नागरिकों की हत्या की निंदा की
तेहरान। लीबिया में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान नागरिकों की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा कि लीबियाई सरकार को लोगों की इच्छाओं का सम्मान करना चाहिए। समाचार एजेंसी एकेआई के मुताबिक उन्होंने कहा कि बदलाव की मांगों से मध्यपूर्व में काबिज अभिमानी शक्तियों का दमन समाप्त होगा। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि भेदभाव और सैन्य दबदबा वाला रवैया समाप्त नहीं होने पर बदलाव की यह बयार यूरोप और अमेरिकी क्षेत्रों में भी फैलेगी।
अहमदीनेजाद ने कहा, "लोगों की हत्या करने के बजाय उनकी मांगों को सुनना चाहिए।" अहमदीनेजाद ने हालांकि इस दौरान लीबिया के नेता मुअम्मार गद्दाफी के नाम का जिक्र नहीं किया। अहमदीनेजाद ने कहा, "यह कैसे सम्भव हो सकता है कि कोई प्रशासक बम और तोपों का प्रयोग अपने लोगों के लिए ही कर सकता है और बाद में यह चेतावनी भी देता है कि जो भी ऐसा करेगा वह मारा जाएगा।"
अहमदीनेजाद ने कहा, "हम बड़े बदलाव की प्रतीक्षा कर रहे हैं और विरोध की बड़ी लहर सभी धोखेबाजों को समाप्त कर देगी।"उधर, लीबिया के अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि 17 फरवरी को शुरू हुए प्रदर्शनों में अब तक 189 नागरिकों और 111 सैनिकों सहित 300 लोग मारे जा चुके हैं। लेकिन अरब के एक समूह ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से मृतकों की संख्या 1,000 तक बताई है।












Click it and Unblock the Notifications