सारा पालिन मार्च में आाएंगी भारत
वाशिंगटन, 24 फरवरी (आईएएनएस)। अलास्का की पूर्व गवर्नर सारा पालिन मार्च में भारत जाएंगी। वह 'इंडिया टुडे' की ओर से आयोजित होने वाले एक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत जाएंगी।
पालिन 19 मार्च को सम्मेलन में अमेरिका के बारे में अपना नजरिया रखेंगी। पालिन 2008 में उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार थीं। वह 2012 में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ सकती हैं।
पालिन के एक सहयोगी रेबेका मंसूर ने ट्विटर के जरिये एक बहुत संक्षिप्त सूचना दी कि पूर्व गवर्नर पालिन अगले महीने भारत जाएंगी।
अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि पालिन को इस सम्मेलन में बोलने के लिए कोई शुल्क दिया जाएगा या नहीं। इस दो दिवसीय सम्मेलन में शामिल होने का शुल्क 1,850 डॉलर रखा गया है। वेबसाइट 'पोलिटिको' के मुताबिक पालिन को सम्मेलन में शामिल होने के लिए 1,00,000 डॉलर की राशि दी जाएगी।
वेबसाइट के मुताबिक इंडिया टुडे के इस सम्मेलन में पालिन अमेरिका की अकेली प्रतिनिधि होंगी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शुक्रवार को सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और शनिवार रात पालिन के सम्बोधन के साथ सम्मेलन समाप्त होगा।
इस सम्मेलन में 'क्या बुरका और बिकनी साथ-साथ चल सकते हैं' और 'क्या भारतीय राजनीति में ईमानदारी असम्भव है' जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन में नारीवादी लेखिका जर्मेन ग्रीयर, अभिनेता आमिर खान और मिस्र के विपक्षी नेता तथ नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद अल बरदई भी शामिल होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications