रिश्वत पर भी न मिली नौकरी, पिता ने जान दी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नन्हेलाल ने बुधवार को पुलिस को एक पत्र लिखकर सूचित किया था कि उसने अपने बेटे अजय को पुलिसकर्मी की नौकरी दिलवाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता को चार लाख रुपये की घूस दी थी। इसके बाद भी बेटे का चयन नहीं हुआ तो उसने भाजपा नेता से अपना पैसा वापस मांगा।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि उक्त नेता ने राशि वापस करने की बजाए उसके साथ अभद्रता की। पीड़ित नन्हेलाल ने अपने पत्र में भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सागर के पुलिस अधीक्षक वी. के. सूर्यवंशी ने आईएएनएस को बताया है कि गोपालगंज थाने में रहने वाले नन्हेलाल ने बुधवार को सल्फास की गोलियां खाई थीं और गुरुवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पीड़ित का पत्र जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया गया है कि बेटे को नौकरी न मिलने और चार लाख रुपये डूब जाने से नन्हेलाल बहुत परेशान थे जबकि 27 फरवरी को उनकी बेटी की शादी होनी थी। इन सभी हालातों से वह बेहद परेशान थे और इसी के चलते उन्होंने सल्फास की गोलियां खाकर जान दे दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications