बिहार में माध्यमिक की परीक्षा प्रारम्भ
पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राज्यभर में प्रारम्भ हो गई। इस परीक्षा में राज्य के नौ लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के एक अधिकारी के मुताबिक राज्यभर में इस वर्ष माध्यमिक की परीक्षा में 9,31,993 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए 1328 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। पटना जिले में 54,316 परीक्षार्थियों के लिए 87 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
समिति के अध्यक्ष ए़ क़े पी़ यादव ने बुधवार को बताया कि परीक्षा में नकल करते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नकल की शिकायतें मिलने पर परीक्षा ड्यूटी पर लगाए गए शिक्षकों पर भी कार्रवाई की जाएगी। सभी जिलों के जिलाधिकारियों को मुख्य जिला परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर वीडियो रिकार्डिंग कराई जा रही है। केन्द्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है तथा सभी परीक्षा केन्द्रों पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बलों को तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications