न्यूजीलैंड भूकम्प : 300 लापता, 75 शव बरामद
क्राइस्टचर्च। न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर में मंगलवार को आए शक्तिशाली भूकम्प में बुधवार तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 75 हो गई जबकि करीब 300 लोग लापता हैं। क्राइस्टचर्च के मेयर बॉब पार्कर ने कहा कि शव गृह में 55 ऐसे शव हैं जिनकी पहचान की जा चुकी है। 20 और शव बरामद किए गए हैं जिनकी पहचान नहीं हुई और वे शव गृह में नहीं है।
पार्कर ने आशा व्यक्त की कि लापता बताए जा रहे करीब 300 लोग समय बीतने के साथ मिल जाएंगे। राहत और बचाव अभियान के अधिकारियों ने कहा है कि मलबे में अभी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। अभी तक 120 से अधिक लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है। राहत और बचाव अभियान उन 10 भवनों के आसपास केंद्रित कर दिया गया है जहां करीब 100 लोगों के फंसे होने की आशंका है।
न्यूजीलैंड के सबसे बड़े शहरों में शामिल क्राइस्टचर्च में यह दूसरा सबसे बुरा भूकम्प है। रिक्टर पैमाने पर भूकम्प की तीव्रता 6.3 मापी गई। मीडिया की रिपोर्टों में बताया गया कि भूकम्प से क्राइस्टचर्च में भारी तबाही हुई है। यहां की सभी इमारतें गिर गई हैं, पानी की आपूर्ति करने वाली पाइप फट गई हैं। जगह-जगह बिजली के खंभे उखड़ गए और सड़कों में दरारें पड़ गईं।
एक टेलीविजन रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि भूकम्प से मरने वालों की संख्या 300 से अधिक हो सकती है। समाचार चैनलों की रिपोर्टो में जमींदोज हुईं कई इमारतों की तस्वीरें दिखाई गईं। भूकम्प के झटके मंगलवार को दिन में 12.51 बजे महसूस किए गए। इस समय शहर में भारी संख्या में दुकानदार, कर्मचारी और स्कूली छात्र दोपहर के भोजन के लिए जुटे थे। प्रधानमंत्री जॉन की ने आगाह किया है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। आपदा के बाद क्राइस्टचर्च पहुंचे प्रधानमंत्री ने 'वन न्यूज' वेबसाइट से कहा कि यह भूकम्प देश के इतिहास में 'काला दिन' साबित होगा।
ज्ञात हो कि देश में दूसरी बार भूकम्प से इतनी बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं। वर्ष 1931 में आए भूकम्प में करीब 256 लोग मारे गए थे। पिछले साल यहां रिक्टर पैमाने पर 7.1 तीव्रता का भूकम्प आया था, जिसका केंद्र शहर से 33 किलोमीटर दूर पश्चिम में गहराई में स्थित था। उस समय हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications