आंध्र विधानसभा से 12 तेलंगाना विधायक निलम्बित
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश विधानसभा से बुधवार को तेलंगाना क्षेत्र के 12 विधायकों को एक दिन के लिए निलम्बित कर दिया गया। ये विधायक पृथक तेलंगाना राज्य के गठन से सम्बंधित प्रस्ताव पारित कराए जाने की मांग को लेकर सदन की कार्यवाही में गतिरोध पैदा कर रहे थे।
कानून मामलों के मंत्री श्रीधर बाबू द्वारा एक प्रस्ताव रखे जाने के बाद विधानसभा उपाध्यक्ष नादेन्दला मनोहर ने तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के आठ और भारतीय कम्युस्टि पार्टी (भाकपा) के चार विधायकों को निलम्बित कर दिया।
टीआरएस के सदन के नेता ई. राजेंदर और तारकराम राव (पार्टी प्रमुख के. चंद्रशेखर राव के बेटे) सहित अन्य विधायकों को निलम्बित किया गया क्योंकि उन्होंने अध्यक्ष के मंच से हटने से इंकार कर दिया था।
निलम्बित विधायकों ने उपाध्यक्ष के बार-बार अपील करने के बावजूद सदन छोड़कर जाने से इंकार कर दिया और वे 'जय तेलंगाना' के नारे लगाकर वित्त मंत्री अनाम रामनारायण रेड्डी के बजट भाषण में व्यवधान पैदा करते रहे। इससे पहले तेलंगाना समर्थकों द्वारा पृथक राज्य के गठन के लिए प्रस्ताव लाए जाने और 48 घंटे के तेलंगाना बंद के दौरान गिरफ्तार हुए प्रदर्शनकारियों की रिहाई की मांग करने पर कार्यवाही में गतिरोध पैदा होने पर सदन को दो बार स्थगित किया गया था।
लगातार चौथे दिन तेलंगाना विधायकों ने सदन में गतिरोध पैदा करने की कोशिश की। बजट भाषण के बाद उपाध्यक्ष ने शुक्रवार तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications