भूकंप के बाद आईसीसी ने शोक जताया

लोर्गाट ने भूकंप में मारे गए लोगों के प्रति श्रद्धांजलि दी है
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने न्यूज़ीलैंड के क्राइस्टचर्च में भूकंप में मारे गए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है.
भूकंप में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है जबकि अब भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की ख़बर है.
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी हारून लोर्गाट ने इस मौक़े पर कहा, "ऐसे वक़्त में जबकि कई लोगों ने इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया है खेल की ओर से समर्थन और संवेदना ही व्यक्त की जा सकती है."
लोर्गाट का कहना था, "ये असहाय होने जैसी स्थिति है मगर मैं क्रिकेट विश्व कप के आयोजकों से चर्चा करूँगा कि जब न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया शुक्रवार को नागपुर में मैच खेलेंगे उस समय हम कैसे मारे गए लोगों को याद कर सकते हैं."
भारी क्षति
उन्होंने बताया, "हमने न्यूज़ीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी डॉक्टर जस्टिन वॉन से संपर्क करके अपनी चिंता जताई है. क्राइस्टचर्च में न्यूज़ीलैंड क्रिकेट के दफ़्तरों को काफ़ी नुक़सान पहुँचा है हालाँकि उसके लिए जो भी लोग काम करते हैं वे चोट से बच गए."
इस दुर्घटना का शिकार हुए लोगों के प्रति आईसीसी ने पूरे क्रिकेट विश्व कप के आयोजकों की ओर से शोक संवेदना ज़ाहिर की है.
क्राइस्टचर्च में भूकंप दिन के समय में आया जब काफ़ी लोग सड़कों पर थे और पूरे शहर में इमारतों को भारी क्षति पहुँची है.
भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.3 आँकी गई है.
वहाँ पिछले छह महीनों के अंदर ये दूसरा बड़ा भूकंप है. सितंबर में आए भूकंप में काफ़ी क्षति हुई थी लेकिन किसी की जान नहीं गई थी.












Click it and Unblock the Notifications