गोधरा और गुजरात दंगो के लिए जिम्मेदार नरेन्द्र मोदी : कांग्रेस
गौरतलब है कि अहमदाबाद की एक अदालत द्वारा दिए गए फैसले में 31 लोगों को दोषी माना गया है जबकि 63 को बरी कर दिया गया है। साबरमति एक्सप्रेस में हुए इस कांड में 59 लोग मारे गए थे। वैसे कांग्रेस ने गोधरा कांड के बाद हुए साम्प्रदायिक दंगों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को दोषी ठहराया है। दंगों में 1,000 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने यहां संवाददाताओं से कहा, हम सम्भवत: इस फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते क्योंकि हम वास्तव में अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया नहीं देते, यह न्यायिक प्रक्रिया का एक हिस्सा है। नटराजन ने कहा कि नरसंहार के बाद जो साम्प्रदायिक दंगे हुए वे लोकतंत्र पर एक कलंक थे।
उन्होंने कहा, राजनीतिक अर्थो में गोधरा कांड पर जो भी फैसला आया हो लेकिन इस घटना के बाद जो साम्प्रदायिक तनाव और हिंसा का माहौल बना था वह लोकतंत्र के ऊपर एक धब्बा था। उन्होंने कहा, "इस वजह से मोदी के रिकॉर्ड पर भी अब तक धब्बा है, जिसके लिए उन्हें हमेशा देश की जनता को जवाब देना होगा।"
गुजरात कांग्रेस के महासचिव बी.के. हरिप्रसाद ने कहा कि इस फैसले से इस बात की पुष्टि हुई है कि निर्दोष लोगों को नौ साल तक सलाखों के पीछे रखा गया। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में निर्दोष लोगों को सजा नहीं मिलनी चाहिए और कांग्रेस को यह कहने में कोई हिचकिचाहट नहीं है कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।













Click it and Unblock the Notifications