अनुपमा हत्याकांड : राजेश ने खुद को कुंवारा बताया था
देहरादून, 21 फरवरी (आईएएनएस)। अनुपमा हत्याकांड के आरोपी राजेश गुलाटी की कोलकाता निवासी कथित पत्नी झूमा दत्ता ने सोमवार को खुलासा किया कि शादी डॉट कॉम की साइट पर हुई पहली मुलाकात में राजेश ने खुद को कुंवारा बताया था। उसने झूमा के साथ भी कई बार मारपीट की और उसका व्यवहार आक्रामक था।
झूमा ने इन बातों का खुलासा देहरादून में पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में किया। उसने बताया कि उसे अनुपमा की हत्या की जानकारी 13 दिसंबर को एक समाचार चैनल से मिली।
ज्ञात हो कि पिछले वर्ष नवम्बर में हुए अनुपमा हत्याकांड में उसके सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति राजेश पर आरोप है कि उसने पिछले वर्ष दशहरा के दिन अनुपमा की हत्या कर उसके शव के टुकड़े कर डीप फ्रीज में रख दिए थे। अनुपमा के भाई के वहां पहुंचने के बाद मामले से पर्दा उठा था।
उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया था। राजेश की निशानदेही पर पुलिस ने मसूरी मार्ग से अनुपमा के शव के टुकड़ों को बरामद किया था।
जांच में सामने आया था कि राजेश ने कोलकाता निवासी झूमा दत्ता से गैर कानूनी विवाह किया था। पुलिस ने झूमा को पूछताछ के लिए देहरादून बुलाया था। सोमवार सुबह झूमा दून पहुंची। पुलिस ने झूमा से कई घंटों तक पूछताछ की जिसमें कई अहम खुलासे सामने आए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून जी.एस. मतरेलिया ने सोमवार को बताया कि पूछताछ में झूमा ने बताया कि दिसम्बर 2007 में शादी डॉट कॉम पर वह राजेश से मिली थी। कुछ समय के बाद राजेश कोलकाता आया और खुद को कुंवारा बताया। झूमा ने भी उसे अपने बारे में बताया। झूमा ने उसको बताया कि वह शादीशुदा है और उसका एक बच्चा है। वह पति से अलग रहती है।
झूमा ने कहा कि इसके बाद राजेश वापस चला गया। फिर दोनों ने 15 जुलाई 2008 को कोलकाता के एक मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद 31 अक्टूबर 2008 से दोनों साथ रहने लगे।
झूमा का कहना है कि इस बीच कई बार छोटी-छोटी बातों को लेकर राजेश ने उसके साथ झगड़ा किया और मारपीट की। 20 अप्रैल 2009 को दोनों में काफी झगड़ा हुआ और राजेश ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद दोनों ई-मेल से संपर्क करते रहे। झूमा ने बताया कि राजेश ने उसे अनुपमा की हत्या के बारे में कभी कुछ नहीं बताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications