लीबिया के कानून मंत्री का इस्तीफा
त्रिपोली/नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। लीबिया में जारी सत्ता विरोधी प्रदर्शन को कुचलने के लिए हिंसा का सहारा लेने से नाराज कानून मंत्री ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले भारत में लीबिया के राजदूत अली अल-एसावी ने प्रदर्शनकारियों का दमन किए जाने के विरोध में पद से त्यागपत्र दे दिया था। इसी तरह चीन में लीबिया के एक वरिष्ठ राजनयिक ने अपना पद छोड़ दिया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने स्थानीय समाचार पत्र कुर्यना की वेबसाइट के हवाले से खबर दी कि कानून मंत्री मोहम्मद अबुद अल जलील ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
इससे पहले भारत में लीबिया के राजदूत अली अल-एसावी ने अपनी सरकार द्वारा प्रदर्शनकारियों का दमन किए जाने के विरोध में पद से त्यागपत्र दे दिया है। बीबीसी के मुताबिक उन्होंने लीबिया के राष्ट्रपति मुअम्मार गद्दाफी से पद छोड़ने की भी मांग की है।
बीबीसी ने अपनी अरब सेवा वेबसाइट पर खबर दी है कि राजदूत ने सरकार पर विदेश सेवा के अधिकारियों का इस्तेमाल प्रदर्शनकारियों को दबाने में करने का आरोप लगाया।
लीबिया दूतावास ने इस पर टिप्पणी करने से इंकार किया है।
उधर अलजजीरा चैनल ने बताया कि चीन में लीबिया के वरिष्ठ राजदूत ने भी सोमवार को इस मामले में पद से त्यागपत्र दे दिया है और लीबिया की सेना से राजनीतिक अस्थिरता में हस्तक्षेप करने का आह्वान किया है।
राजदूत ने दावा किया है कि गद्दाफी के पुत्रों में हिंसक युद्ध छिड़ गया है और सम्भवत: गद्दाफी ने देश छोड़ दिया है। इस बात की अल जजीरा ने हालांकि पुष्टि नहीं की है।
एक चिकित्सक ने अल जजीरा टेलीविजन से कहा कि शुक्रवार को प्रदर्शन में फैली हिंसा के कारण 200 से अधिक लोग मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications