भूकम्प में न्यूजीलैंड का 150 साल पुराना गिरजाघर क्षतिग्रस्त
समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मुताबिक बारबाडोस मार्ग पर स्थित क्राइस्टचर्च के ऐतिहासिक गिरजाघर का आधा हिस्सा गिर चुका है जबकि बाकी बचे हिस्से में भी दरारें आ गई हैं।
खबरों के मुताबिक इस ऐतिहासिक गिरजाघर का ऊपरी सिरा भी ढह गया है।
वेबसाइट 'हिस्टोरिक डॉट ओआरजी डॉट एनजेड' के मुताबिक रोमन कैथोलिक चर्च को मिली जमीन पर सर्वप्रथम वर्ष 1860 में लकड़ी का गिरजाघर बनाया गया था। बाद में वर्ष 1887 में इसी जगह पर क्राइस्टचर्च के बड़े गिरजाघर का निर्माण किया गया।
बाद में बढ़ती जनसंख्या को समायोजित करने के मद्देनजर गिरजाघर के लिए एक नई इमारत की आवश्यकता महसूस की गई और इसका डिजाइन तैयार करने का काम फ्रांसिस विलियम पीटर को दिया गया।
वेबसाइट के मुताबिक वर्ष 1901 में नई इमारत की आधारशिला रखी गई, जिसके निर्माण में 120,000 घन फुट इस्पात, 4,000 फुट कंकरीट के अलावा अन्य समानों की आवश्यकता पड़ी। यह इमारत वर्ष 1905 में बनकर तैयार हुई थी।
गौरतलब है कि मशहूर नाटककार जॉर्ज बर्नार्ड शा ने वर्ष 1931 में जब न्यूजीलैंड का दौरा किया था, उस समय उन्होंने इस गिरजाघर की तुलना इटली के पुनर्जागरणकालीन वास्तुकार फिलिपो ब्रुनेलेशी के कार्य से की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस ।












Click it and Unblock the Notifications