तेलंगाना बंद के कारण जनजीवन प्रभावित
तेलंगाना संयुक्त कार्य समिति (जेएसी) के आह्वान पर मंगलवार तड़के शुरू हुए इस बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। हैदराबाद और तेलंगाना क्षेत्र के नौ अन्य जिलों में परिवहन सेवाएं बाधित हुई हैं जबकि दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और शैक्षिक संस्थान बंद हैं। सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) की बसें भी सड़कों पर नहीं उतरीं।
तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य तेलंगाना समर्थक पार्टियां व समूह बंद में हिस्सा ले रहे हैं। इसे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) का समर्थन प्राप्त है।
टीआरएस कार्यकर्ताओं ने दुकानें बंद करवाने के लिए मेडाक, निजामाबाद, वारंगल और करीमनगर जिलों के विभिन्न इलाकों में रैलियां निकालीं।
पुलिस ने सिकंदराबाद में मोटरसाइकिल रैली का नेतृत्व कर रहे टीआरएस विधायक हरीश राव को गिरफ्तार कर लिया है।
हैदराबाद में बंद का आंशिक असर दिखा। आरटीसी ने तेलंगाना के विभिन्न क्षेत्रों और आंध्र व रायलसीमा क्षेत्रों में अपनी सेवाएं नहीं दीं जबकि हैदराबाद में कुछ बसें सड़कों पर उतरीं।
एहतियाती उपाय के तौर पर हैदराबाद के शैक्षिक संस्थानों में पहले ही अवकाश घोषित कर दिया गया था। कुछ इलाकों में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे जबकि अन्य इलाकों में बंद का ज्यादा असर नहीं दिखा।
राज्य के स्वामित्व वाली कोयला कम्पनी सिंगारेनी कोइलरीज में काम प्रभावित हुआ है क्योंकि यहां के करीब 70,000 कर्मचारी तेलंगाना बंद में शामिल हुए हैं। आदिलाबाद, खम्मम, करीमनगर और वारंगल जिलों में कोयला खदानों में निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications