साथी से नाराजगी के लिए अभिभावक हैं जिम्मेदार!
लंदन, 22 फरवरी (आईएएनएस)। यदि आपका आपके साथी से झगड़ा हो जाता है और आप लम्बे समय तक उससे नाराज रहते हैं तो इसके लिए आपका साथी नहीं बल्कि आपके अभिभावक जिम्मेदार हैं।
एक नए अध्ययन के मुताबिक आपका बचपन में अपने माता-पिता से जितना बेहतर रिश्ता होता है, उतने ही बेहतर ढंग से आप अपनी युवावस्था के झगड़ों से उबर पाते हैं।
अमेरिका के मिन्नीसोटा विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने 70 के दशक में जन्मे बच्चों के एक समूह का उनके युवावस्था तक पहुंचने तक अध्ययन किया।
समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि जिनका अपने बचपन में अपने माता-पिता के साथ एक सुरक्षित रिश्ता था वे 20 साल बाद किसी भी झगड़े या विवाद से बेहतर ढंग से उबर पाए।
वैज्ञानिकों का दावा कि जिनका बचपन असुरक्षित बीता उन्हें भी यदि भावनात्मक रूप से सहयोग देने वाला साथी मिल जाए तो उनमें भी झगड़ों से जल्दी उबरने की क्षमताएं विकसित हो जाती हैं।
शोधकर्ता जेसिका साल्वाटोर कहती हैं, "हमने पाया कि जिन लोगों को असुरक्षित बचपन मिला, उन्हें युवावस्था में रोमांटिक साथी मिलने पर झगड़ों या टकरावों से जल्द उबरने में मदद मिली। ऐसे लोगों का अपने साथी के साथ जीवन अच्छा रहा।"
इस अध्ययन में इस बात के महत्वपूर्ण प्रमाण मिले हैं कि रोमांटिक साथी शुरुआती जीवन के नकारात्मक अनुभवों का प्रभाव कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications