मारुति की एसएक्स4 डीजल मॉडल पेश
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कम्पनी मारुति सुजुकी ने मंगलवार को मध्य श्रेणी की सेडान एसएक्स4 का डीजल मॉडल पेश किया। कार की कीमत 7.74-8.62 लाख (शोरूम कीमत, दिल्ली) रुपये रखी गई है।मारुति सुजुकी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी शिंजो नाकानिशि ने कहा कि लंबी दूरी की यात्रा में वृद्धि होने के कारण डीजल कारों का उपयोग बढ़ा है। उनसे कई बार पूछा गया है कि वे एसएक्स4 का डीजल मॉडल कब पेश कर रहे हैं। यह अब आपके सामने है।
नई कार के इंजन में बेहतर प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया गया है और इसकी माइलेज सामान्य से अधिक 21.5 किलोमीटर प्रति लीटर है।
इस लांच के बाद एसएक्स4 कार अब पेट्रोल, प्राकृतिक गैस (सीएनजी) और डीजल तीन इंधन विकल्पों में बाजार में उपलब्ध हो गयी है।
कम्पनी ने बयान में कहा कि इस मॉडल का इंजन सुजुकी पावरट्रेन इंडिया लिमिटेड द्वारा बनाया जाएगा। यह कम्पनी स्विफ्ट, डिजायर और रिट्ज के डीजल इंजनों का भी निर्माण करती है और सलाना 3,00,000 इंजनों का निर्माण करने की क्षमता रखती है।
इस डीजल मॉडल की एक खास विशेषता यह है कि इसमें 'ऑन-बोर्ड डॉयग्नोस्टिक्स' (ओबीडी-2) प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है, जो उत्सर्जन नियंत्रण प्रणाली में आई खराबी की जानकारी दे देती है।अभी एसएक्स4 मॉडल की 1,500-1,600 कारें प्रति माह बेची जा रही हैं, जबकि कम्पनी अब तक इस मॉडल की 75,000 कारें बेच चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications